✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी ट्रेन में महिला कोच में बैठे थे युवक, पूछताछ में नहीं दे सके संतोषजनक जवाब
सिवान : सिवान जंक्शन पर शुक्रवार को महिला कोच में अनुचित रूप से सवार चार युवकों के विरुद्ध आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई की। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि 19 अप्रैल को पाली प्रभारी छोटेलाल सिंह यादव, कांस्टेबल नागेंद्र कुमार यादव व कांस्टेबल लक्ष्मण यादव के साथ प्लेटफार्म संख्या तीन पर नियमित गश्त की जा रही थी।
गश्त के दौरान प्लेटफार्म पर गाड़ी संख्या 18181 पहुंची। टीम ने ट्रेन के आगे की ओर स्थित महिला कोच (नंबर 1646 93 एनई) को अटेंड किया, जहां चार युवक बैठे पाए गए। जब उनसे महिला कोच में बैठने का कारण पूछा गया तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
आरपीएफ टीम ने चारों युवकों को कोच से उतारकर हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान दया निधि दुबे, रोहित कुमार, सक्षम कुमार और कुणाल कुमार के रूप में हुई है।
आरपीएफ द्वारा इन पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस तरह की कार्रवाई महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का पालन कराने की दिशा में एक सख्त संदेश है।

