✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- महादेवा पुलिस की कार्रवाई, कार व मोबाइल भी जब्त
- महादेवा थाना क्षेत्र से 432.9 लीटर विदेशी शराब बरामद।
- हरियाणा निवासी एक अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार।
- शराब तस्करी में प्रयुक्त कार व मोबाइल फोन जब्त।
- बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज, अन्य आरोपितों की तलाश जारी।
सिवान : महादेवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 432.9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक अंतरराज्यीय सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 मार्च 2026 को महादेवा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार से अवैध शराब की खेप लेकर गोपालगंज की ओर से सिवान बाईपास की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही महादेवा थाना पुलिस की टीम ने झुनापुर मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 432.9 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से कार चालक प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरियाणा राज्य के जींद जिला अंतर्गत जींद सिटी थाना क्षेत्र के सेनी मोहल्ला निवासी प्रवेश कुमार, पिता स्व. पवन कुमार के रूप में हुई है।
इस संबंध में महादेवा थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि शराब तस्करी, अवैध निर्माण, क्रय-विक्रय या सेवन से संबंधित कोई भी सूचना मिले तो तत्काल अपने नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर सूचित करें, ताकि समाज को नशा माफियाओं से सुरक्षित रखा जा सके।

