महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर मचा रार, एनडीए में सबकुछ फाइनल — सिर्फ घोषणा बाकी : बिनोद सोनकर
✒️ परवेज़ अख्तर / एडिटर इन चीफ
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री बोले — बिहार की जनता रोजगार व उद्योग के मुद्दे पर करेगी मतदान, जंगलराज को नहीं देगी दोबारा मौका
सीवान। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व पूर्व सांसद बिनोद सोनकर ने जिले में प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और भारत सरकार तथा बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर घमासान जारी है, जबकि एनडीए में सभी सीटों पर आपसी सहमति बन चुकी है, केवल औपचारिक घोषणा शेष है जो एक-दो दिनों में कर दी जाएगी।
सोनकर ने कहा कि बिहार में बुनियादी ढांचे के निर्माण पर बड़े पैमाने पर काम हुआ है, और इस बार की जनता रोजगार व उद्योग के मुद्दे पर मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग बुद्धिमान हैं, वे महागठबंधन को सत्ता सौंपकर राज्य में पुनः जंगलराज नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले और अब के बिहार में जमीन-आसमान का अंतर है।
भाजपा नेता ने कहा कि विकास एक दिन में नहीं होता, लेकिन बिहार अब विकास की तीव्र दौड़ में शामिल हो चुका है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज बिहार में मेट्रो ट्रेन तक उपलब्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी के स्लैब में दर परिवर्तन के बाद देश के 140 करोड़ लोगों को सीधा लाभ मिला है, और इसका असर बिहार की जनता भी महसूस कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इस चुनाव में पुनः एनडीए सरकार बनवाकर राज्य के विकास की नई इबारत लिखेगी।
इस अवसर पर विधानसभा संयोजक राजेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष चंद्र विजय, प्रकाशित हैप्पी यादव, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, शैलेंद्र सिंह, हीरालाल राम, दिनेश ओझा, सुरेश राम, संजय शाह, हरेराम यादव, विजेंद्र सिंह, सोनू सिंह, वीरेंद्र गुप्ता और अर्जुन गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

