✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रेलवे प्रशासन ने बदला समय, यात्रियों को भटनी से आगे की यात्रा में मिलेगी सुविधा
सिवान: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने मऊ-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया है। अब इस गाड़ी का सिवान जंक्शन पर भी ठहराव होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इस संबंध में वाराणसी मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी अशोक कुमार ने जानकारी दी कि रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों को भटनी से आगे की यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 55102 मऊ-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी के ठहराव समय में पांच मार्च से आंशिक परिवर्तन किया गया है।
नए समय के अनुसार 55102 मऊ-छपरा कचहरी सवारी गाड़ी मऊ जंक्शन से सुबह पांच बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए भटनी पहुंचेगी। इसके बाद परिवर्तित समय के अनुसार यह गाड़ी भटनी से 07:25 बजे, नोनापार से 07:33 बजे, भाटपार रानी से 07:43 बजे, बनकटा से 07:53 बजे, मैरवा से 08:02 बजे, करछुई से 08:08 बजे, जीरादेई से 08:14 बजे तथा सिवान जंक्शन से 08:30 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से यात्रियों को भटनी से आगे की यात्रा करने में अधिक सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान होगा।