✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जेल में भी गूंजेगी छठ की आस्था, प्रशासन ने की पूरी तैयारी
- छह महिला बंदियों ने रखा चैती छठ व्रत
- जेल प्रशासन ने पूजा सामग्री की पूरी व्यवस्था की
- महिला बंदियों के लिए पोखरे का कराया गया निर्माण
- अर्घ्य दिलाने के लिए पंडित की भी व्यवस्था
सिवान: लोक आस्था का महापर्व चैती छठ व्रत को लेकर जिले भर में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में सिवान मंडल कारा में बंद बंदी भी छठ पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंडल कारा की छह महिला बंदियों ने चैती छठ व्रत रखने का संकल्प लिया है, जिसे लेकर जेल प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जेल प्रशासन की ओर से व्रत रखने वाली महिला बंदियों को छठ पूजा से संबंधित सभी सामग्री जैसे डाला, सूप, गन्ना, फल आदि उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही पूजा संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से एक कृत्रिम पोखरे का निर्माण भी कराया गया है, ताकि परंपरा के अनुसार विधि-विधान से अर्घ्य दिया जा सके।
मंडल कारा अधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि छह महिला बंदियों ने स्वेच्छा से छठ व्रत रखने की इच्छा जताई है। सभी बंदियों ने नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि बंदियों को भी धार्मिक आस्था के अनुसार पूजा-पाठ करने का पूरा अवसर मिले।
अधिकारियों ने बताया कि अर्घ्य दिलाने के लिए पंडित की भी व्यवस्था की गई है, ताकि निर्धारित समय पर विधिपूर्वक पूजा संपन्न कराई जा सके। जेल परिसर में छठ पूजा को लेकर पूरी तरह से श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

