✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- जेपी चौक पर मनाया गया विजय उत्सव
- विभिन्न राज्यों में भाजपा की जीत पर सिवान में जश्न
- कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, पटाखे फोड़े और गुलाल लगाया
- जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने जीत को जनता और कार्यकर्ताओं की जीत बताया
- बंगाल में सफलता पर मंगल पांडेय को दी गई बधाई
सिवान: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर के जेपी चौक पर विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनावों में मिली जीत के उपलक्ष्य में विजय उत्सव मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, पटाखे फोड़े और गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि यह जीत सिर्फ पार्टी की नहीं, बल्कि आम जनता और कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की नीतियां, राष्ट्रहित और विकास का संकल्प हर क्षेत्र में स्वीकार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने सदर विधायक सह पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा बंगाल के प्रभारी मंगल पांडेय को उनके नेतृत्व में मिली इस सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि इन महान विभूतियों की राष्ट्रसेवा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय की विचारधारा ही भाजपा की सफलता की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में सत्यम सिंह सोनू, राजेश श्रीवास्तव, पंकज किशोर सिंह, संतोष राउत, सुभाष सिंह कुशवाहा, अजय पासवान, रूपल आनंद, अर्चना सिंह, राजा श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


