Explore

Search

April 12, 2026 1:53 am

सिवान : भाई की मौत मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • भाई की संदिग्ध मौत पर कार्रवाई नहीं होने से युवक का विरोध
  • मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश
  • पुलिस के समझाने पर तीन घंटे बाद नीचे उतरा युवक
  • पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट अब तक नहीं आने का आरोप

सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपने भाई की मौत मामले में प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान मोहिद्दीनपुर निवासी असलम अली के बेटे सैफ अली उर्फ लालू के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए। इस दौरान सैफ अली अपनी मांगों पर अड़ा रहा और बार-बार प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने तथा लिखित आश्वासन देने की मांग करता रहा।
करीब तीन घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस के आश्वासन और समझाने-बुझाने पर युवक अंततः नीचे उतर आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैफ अली के छोटे भाई अनवर अली उर्फ बिहारी को 31 जुलाई 2025 को चोरी के एक मामले में जमानत रद्द होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। स्वजनों का आरोप है कि गिरफ्तारी के महज 48 घंटे के भीतर, 2 अगस्त को जेल के अंदर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।


जेल प्रशासन ने इस मामले को आत्महत्या बताया था, लेकिन परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए इसे संदिग्ध मौत करार दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनवर के शव का पोस्टमार्टम पटना के पीएमसीएच में कराया गया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और इसी को लेकर सैफ अली ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले को शांत कराने और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कह रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर