✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले में बिजली चोरी पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। टीम का मुख्य निशाना स्मार्ट प्री-पेड उपभोक्ता हैं, जिन्होंने तीन माह से रीचार्ज नहीं कराया है। इसके अलावा, वे उपभोक्ता भी जांच के दायरे में हैं, जिन्होंने कनेक्शन कटने के बाद आपूर्ति को अनधिकृत रूप से चालू कर रखा है।
एसटीएफ की कार्रवाई में बिजली चोरी पाए जाने पर न केवल जुर्माना लगाया जा रहा है, बल्कि प्राथमिकी भी दर्ज की जा रही है। इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता शिव शंकर सिंह ने जानकारी दी कि जिले में बिजली चोरी के मामलों को रोकने के लिए एसटीएफ लगातार सक्रिय है। हर दिन छापेमारी के दौरान कनेक्शनों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी की घटनाओं को नियंत्रित करना और राजस्व की हानि को रोकना है।

