✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
एबीवीपी के तत्वावधान में मनाया गया बलिदान दिवस, युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश
- भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव को दी गई श्रद्धांजलि
- विद्यार्थियों ने बलिदानियों के आदर्शों को किया नमन
- वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए किया प्रेरित
- वीएमएच हाई स्कूल में हुआ आयोजन
सिवान: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सिवान नगर इकाई के तत्वावधान में सोमवार को वीएमएच हाई स्कूल परिसर में बलिदान दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने शहीदों के अदम्य साहस, देशभक्ति और आत्मत्याग को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नगर सह मंत्री राहुल कुमार के नेतृत्व में किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य मनोज गुप्ता ने अपने संबोधन में शहीदों के बलिदान, उनके दृढ़ निश्चय और युवा पीढ़ी के लिए उनके प्रेरणादायक संदेश को साझा किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला संगठन मंत्री अभिषेक झा ने कहा कि शहीदों के जीवन से हमें त्याग और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित में सदैव आगे रहने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य राकेश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युवा ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, ईमानदारी और देशभक्ति को अपने जीवन में अपनाने की सलाह दी।
इस मौके पर गोलू दुबे, अंशु कुमारी, आलोक कुमार, रोहित कुमार, रौशन, मोहित, कल्पना सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

