Explore

Search

March 25, 2026 1:50 am

सिवान : बरामद दोनों हाथियों को लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हुई वन विभाग की टीम

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पुरैना से बरामद नर हाथी व हाथिनी को कोर्ट आदेश के बाद सौंपा जाएगा

  • बड़हरिया के पुरैना से दोनों हाथी किए गए थे बरामद
  • पश्चिम बंगाल के घोड़मारा नेशनल पार्क में किया जाएगा सुपुर्द
  • 2017 में चोरी-छिपे लाए गए थे तीन हाथी
  • एक हाथी की फरवरी में हो चुकी है मौत

सिवान: बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना से बरामद एक नर हाथी और एक मादा हाथिनी को लेकर वन विभाग की टीम सोमवार को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गई। मंगलवार सुबह दोनों हाथियों को पश्चिम बंगाल के घोड़मारा नेशनल पार्क में सौंपा जाएगा।
संभागीय वन अधिकारी मेघा यादव ने बताया कि वर्ष 2017 में पश्चिम बंगाल से चोरी-छिपे तीन हाथियों—सुमन, भोला और बसंती—को गोपालगंज जिले के सिधवलिया स्थित एक आश्रम में लाया गया था। इस मामले में पश्चिम बंगाल के उच्च न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने हाथियों को पश्चिम बंगाल सरकार को सौंपने का आदेश दिया था।
हालांकि, आदेश के बावजूद हाथियों को लंबे समय तक नहीं सौंपा गया। जब-जब कार्रवाई की कोशिश हुई, हाथियों को दूसरी जगह हटा दिया जाता था, जिससे वन विभाग और पुलिस को सफलता नहीं मिल पाती थी।
इसी बीच 22 फरवरी को दारौंदा में एक हाथी की मौत हो गई, जिसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने मामले में सख्ती बढ़ा दी। बीते 21 मार्च को जब दोनों हाथियों के महावत ईद के मौके पर अपने घर गए हुए थे, तब वन विभाग को इसकी सूचना मिली।
सूचना के आधार पर संभागीय वन अधिकारी मेघा यादव के नेतृत्व में टीम ने पुरैना चट्टी के समीप छापेमारी कर दोनों हाथियों को बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हाथियों की बरामदगी के बाद इलाके में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि वन विभाग कोर्ट के आदेश के अनुपालन में उन्हें पश्चिम बंगाल भेज रहा है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर