Explore

Search

February 28, 2026 12:39 pm

सिवान : बनकटा में असांव के युवक की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत

बनकटा में असांव के युवक की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
देवरिया जाते समय कार पेड़ से टकराई, पांच युवक हुए थे गंभीर घायल
सिवान/देवरिया। यूपी के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकटा–सोहनपुर मार्ग पर पटेल के समीप गुरुवार की देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान असांव थाना क्षेत्र के कशिला गांव निवासी नितिन सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि सभी युवक खून से लथपथ अवस्था में सड़क पर पड़े हुए थे।
सूचना मिलने पर बनकटा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए सभी को देवरिया स्थित बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान नितिन सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने स्वजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस के समक्ष घायलों की पहचान की गई।
मृतक नितिन सिंह बाढ़ स्थित एनटीपीसी में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी दो माह की एक बेटी है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
अन्य घायलों में बनकटा थाना क्षेत्र के शिक्की मिश्रा, गोलू मिश्रा, कशिला गांव निवासी कृष्णा कुमार तथा गुठनी थाना क्षेत्र के बेलौर गांव निवासी विवेक सिंह शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर