✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव की घटना, गंभीर हालत में पीएमसीएच पटना रेफर
सिवान: सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव में गुरुवार की देर संध्या बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के पपौर निवासी राम लाल महतो के पुत्र मनु चौहान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
घटना के संबंध में घायल युवक के भाई धर्मेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि उसका भाई शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे दौड़ाकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनु चौहान को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
धर्मेंद्र कुमार प्रसाद ने आरोप लगाया कि होली के दिन भी आरोपितों ने उसके भाई के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था। इस मामले में थाने में शिकायत किए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवक के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली।
वहीं समाजसेवी श्रीनिवास यादव ने कहा कि जिले में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।