Explore

Search

March 28, 2026 1:24 am

सिवान : बदमाशों ने चाकू घोंपकर युवक को किया घायल, मोबाइल छीनने का किया था विरोध

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

महादेवा थाना क्षेत्र में वारदात, गंभीर हालत में युवक पीएमसीएच रेफर

  • चकिया रोड पर मोबाइल छीनने के प्रयास का विरोध करने पर हमला
  • बदमाशों ने युवक पर चाकू से किया वार, हालत गंभीर
  • सदर अस्पताल से पीएमसीएच किया गया रेफर
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

सिवान: महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया रोड पर गुरुवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब युवक ने बदमाशों द्वारा मोबाइल छीनने के प्रयास का विरोध किया। वारदात थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामनगर छोटपुर निवासी दीपू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दीपू चकिया मोहल्ला में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है और अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात उसका भाई उसे महादेवा मिशन के पास छोड़कर चला गया था। इसके बाद दीपू अपने कमरे की ओर जाने के लिए चकिया रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब दीपू ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में किसी तरह दीपू ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
इस संबंध में महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर