प्लेटफार्म पर रील बनाते तीन युवक आरपीएफ के हत्थे चढ़े, रेल अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
स्टेशन परिसर में किया जा रहा था सोशल मीडिया के लिए वीडियो शूट, यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र की गई कार्रवाई
सिवान : सिवान जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर रील बनाते हुए तीन युवकों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ द्वारा पूछताछ के बाद उनके खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 145 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि जंक्शन पर निगरानी और चेकिंग अभियान के दौरान पश्चिमी छोर पर तीन युवक मोबाइल से फोटो और रील बनाते हुए पाए गए। यह कृत्य यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर की गरिमा के खिलाफ था।
गिरफ्तार युवकों की पहचान गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के सुहागपुर निवासी वशिष्ठ कुमार, गुड्डन कुमार और विशाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
तीनों को रेलवे परिसर में अव्यवस्था और न्यूसेंस फैलाने के जुर्म से अवगत कराते हुए रेल अधिनियम 145 के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की गई और बल पोस्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर को सोशल मीडिया के लिए रील या वीडियो शूटिंग का स्थल न बनाएं। इससे सुरक्षा में बाधा आती है और यह कानूनन दंडनीय अपराध है।

