Explore

Search

May 4, 2026 6:01 pm

सिवान : प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, सरकार-प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सेतु: डीएम

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने पत्रकारों की भूमिका को बताया अहम


  • विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर जिला समाहरणालय में कार्यक्रम आयोजित
  • डीएम ने पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र के लिए अहम बताया
  • आपदा के समय मीडिया की जिम्मेदार भूमिका की सराहना
  • फेक न्यूज से बचने और जनहित मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील

सिवान : लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले प्रेस की स्वतंत्रता किसी भी स्वस्थ समाज की पहचान है। पत्रकार निर्भीक होकर सत्य को सामने लाते हैं और सरकार, प्रशासन तथा जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं।
यह बातें जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने रविवार को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को जागरूक करने और विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डीएम ने कोविड-19 महामारी, बाढ़, आगजनी और लू जैसी आपदाओं के दौरान मीडिया द्वारा निभाई गई जिम्मेदार भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में पत्रकारों ने जन-जन तक सही जानकारी पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन प्रेस की स्वतंत्रता, सुरक्षा और गरिमा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही पत्रकारों से अपील की कि वे विकासात्मक एवं जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दें और मोबाइल व डिजिटल मीडिया पर खबर प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
डीएम ने यह भी कहा कि आपदा के समय प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं को प्रमुखता से प्रसारित किया जाए। साथ ही इस वर्ष की थीम के अनुरूप जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण और खेतों में आग की रोकथाम जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने की जरूरत है।
इसके अलावा डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को अपनी डिजिटल सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर