✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: हसनपुरा बस स्टैंड के मैदान में बुधवार को जैक बैडमिंटन प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का भव्य उद्घाटन हुआ। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी, मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव और संयोजक सह जैक हास्पिटल के अध्यक्ष डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के दौरान आयोजकों ने दोनों अतिथियों को शाल, बुके और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने खेलों को समाज में प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का माध्यम बताते हुए कहा कि आज समाज में कटुता और नफरत का माहौल है। ऐसे में जैक बैडमिंटन कमेटी द्वारा खेलों को बढ़ावा देना एक सराहनीय प्रयास है। वहीं, एमएलसी प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि खेल और संस्कृति किसी भी समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।
संयोजक डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने मुख्यमंत्री विकास योजना के अंतर्गत प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव द्वारा पांच लाख की अनुशंसा किए जाने पर आभार व्यक्त किया।
प्रीमियर लीग के पहले राउंड में कुल 12 मैच खेले गए, जिनमें 10 मैच ओपन वर्ग के और 2 मैच वेटरन वर्ग के थे। वेटरन वर्ग में जफर की टीम ने डॉ. फिरोज की टीम को हराया, जबकि दूसरे मैच में शमशीर और गुड्डू की टीम ने बंटी की टीम को पराजित किया।
ओपन वर्ग के मुकाबलों में गोपालगंज की टीम के डॉ. आशीष ने आनंद की टीम को हराया, जबकि सिवान की टीम के आसिफ और दिलनवाज ने रवि की टीम को हराया। वहीं, छपरा की टीम के प्रीतेश ने अपने तीनों मैच जीतकर अगले राउंड में जगह बनाई।

