प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव के बाद सड़क जाम कर परिजनों ने किया प्रदर्शन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सदर अस्पताल के सामने चार घंटे तक बाधित रहा सिवान-बड़हरिया मुख्य पथ, पुलिस ने लड़की और उसकी मां को लिया हिरासत में
सिवान: हुसैनगंज थाना क्षेत्र से गुजरने वाली एसएच 89 सिवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर बुधवार को प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानी मोड़ निवासी अशोक महतो के 19 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ शहर के शुक्ल टोली में किराए पर रहता था।

बताया जा रहा है कि संजय एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से सिसवन थाना के ट्रेनवा माधोपुर गया था। लौटने के क्रम में सहुली के पास कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया और बीच सड़क पर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और आरोप लगाया कि संजय की हत्या उसके प्रेम संबंध के कारण की गई है। मृतक का कई वर्षों से हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रफीपुर निवासी एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सदर अस्पताल के सामने सिवान-बड़हरिया मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे करीब चार घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिजन हत्या की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं।

