✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: अगर किसी गांव, टोला या मोहल्ले में किसी गर्भवती महिला या प्रसूता की मौत होती है, तो इसकी सूचना सरकारी अस्पताल को देने पर सरकार की ओर से एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना जिला से लेकर किसी प्रखंड, पंचायत या गांव के लोग भी लाभ उठा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार, जागरूकता की कमी के कारण गर्भवती और नवप्रसूता महिलाओं की मौत का सही आंकड़ा विभाग तक नहीं पहुंच पा रहा है, क्योंकि फिलहाल केवल आशा कार्यकर्ताओं द्वारा ही यह सूचनाएं विभाग को दी जा रही हैं। अप्रैल से अब तक कुछ नवप्रसूता महिलाओं की मौत की सूचना मिली है, लेकिन आमलोगों द्वारा कोई सूचना विभाग तक नहीं पहुंची है।
जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम विशाल कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मातृ मृत्यु दर को कम करने और मौत के कारणों का पता लगाना है। उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे इस सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए योजना में भाग लें, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी लायी जा सके।
प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए सूचनाएं 42 दिन के अंदर दी जानी चाहिए
जानकारी के अनुसार, प्रसूता की मौत के 42 दिन के भीतर यदि इसकी सूचना दी जाती है, तो संबंधित व्यक्ति को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिल सकती है। यह राशि प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित व्यक्तियों को दी जाएगी।

