✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
अनुशासन, सहनशीलता और टीम भावना का दिखा उत्कृष्ट प्रदर्शन
- पुलिस केंद्र में देर रात आयोजित हुआ रूट मार्च
- नव नियुक्त सिपाहियों ने अनुशासित ढंग से तय की 40 किमी दूरी
- प्रशिक्षकों ने दिया उत्साहवर्धन और आवश्यक दिशा-निर्देश
- एसपी ने कहा — प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है रूट मार्च
सीवान,: पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त सिपाहियों के लिए शनिवार की देर रात 40 किलोमीटर का पैदल रूट मार्च आयोजित किया गया। यह रूट मार्च प्रशिक्षण कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य सिपाहियों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, सहनशीलता और टीम भावना का विकास करना था।
रात्रि लगभग आठ बजे शुरू हुए इस रूट मार्च में प्रशिक्षु सिपाहियों ने निर्धारित मार्ग पर अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए मार्च पूरा किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों की टीम लगातार मौजूद रही और सिपाहियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ उनका उत्साहवर्धन भी करती रही।
प्रशिक्षकों ने सिपाहियों को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग, जिम्मेदार और समर्पित रहने की सीख दी। साथ ही कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस केंद्र में चल रहे प्रशिक्षण के तहत सिपाहियों को आधुनिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। रूट मार्च के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने अनुशासन और सामूहिक कार्य क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि नौ मई को आयोजित 40 किलोमीटर का रूट मार्च सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने अनुशासन, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो उनके प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

