Explore

Search

May 6, 2026 5:09 pm

सिवान : पेट्रोल लेने को लेकर बवाल: दो युवकों ने मैनेजर व नोजल मैन को पीटा, पथराव में दो घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

लाइन में लगाने पर भड़के युवक, पंप पर हंगामा और पथराव


  • पेट्रोल को लेकर विवाद, दो कर्मी घायल
  • नोजल मैन और मैनेजर को आई चोट
  • बाइक छोड़कर भागे आरोपी, दो हिरासत में
  • पुलिस सीसीटीवी खंगालकर कर रही जांच

सिवान : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिवान-मैरवा मुख्य मार्ग स्थित कुमार पेट्रोल पंप पर मंगलवार की शाम पेट्रोल लेने को लेकर दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए ईंट-पत्थर फेंके, जिससे दो कर्मचारी घायल हो गए।
घायलों में नोजल मैन श्रीराम कुमार और पेट्रोल पंप के मैनेजर आशीष कुमार शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि शहर के कई पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी के कारण उनके पंप पर सुबह से ही भारी भीड़ थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तैनाती भी की गई थी, लेकिन शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस पदाधिकारी वहां से चले गए। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और बिना लाइन के पेट्रोल देने की मांग करने लगे।
लाइन में लगने की बात कहने पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट करते हुए पंप कर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे दोनों कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर पेट्रोल पंप की चारदीवारी फांदकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मैनेजर ने यह भी आरोप लगाया कि युवकों ने पेट्रोल पंप पर लूटपाट की कोशिश की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पेट्रोल लेने को लेकर विवाद हुआ था। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर