Explore

Search

March 8, 2026 3:57 am

सिवान : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के रिश्तेदारों पर हमला, तीन घायल

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के रिश्तेदारों पर हमला, तीन घायल
• सराय थाना क्षेत्र के मटुक छपरा गांव के पास ट्रैक्टर व स्कार्पियो की टक्कर के बाद बवाल
• उग्र भीड़ ने चिकित्सक दंपती और उनके परिवार पर किया हमला
• ईंट-पत्थर से दो स्कार्पियो गाड़ियों को किया क्षतिग्रस्त
• घायल डॉक्टर दंपती समेत तीन लोगों का सदर अस्पताल में इलाज

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक को रोकने पर उग्र हुई भीड़

सिवान : सराय थाना क्षेत्र के मटुक छपरा गांव के समीप गुरुवार की देर रात ट्रैक्टर और स्कार्पियो की टक्कर के बाद उग्र भीड़ ने चिकित्सक दंपती और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में चिकित्सक दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर निवासी बैजनाथ प्रसाद के पुत्र डॉ. राजेश रंजन (40), उनकी पत्नी श्वेता रंजन और पुत्र हर्षित रंजन के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार डॉ. राजेश रंजन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ होली के अवसर पर सिवान आए हुए थे। गुरुवार की रात वह अपनी स्कार्पियो से पटना लौट रहे थे। चिकित्सक स्वयं वाहन चला रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी गाड़ी बाइपास स्थित मटुक छपरा गांव के समीप पहुंची, तभी एक ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में वाहन को कभी बाएं तो कभी दाएं घुमा रहा था। डॉ. राजेश रंजन ने ट्रैक्टर को पास करने की कोशिश की, तभी दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा। डॉक्टर ने उसका पीछा कर ट्रैक्टर को रोककर पूछताछ करने की कोशिश की। इसी दौरान मामला अचानक हिंसक हो गया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक स्थानीय गांव का रहने वाला था। उसे रोकने पर गांव के लोग उग्र हो गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई।
इसी बीच शरारती तत्वों ने डॉक्टर की स्कार्पियो पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डॉक्टर के स्वजन दूसरी स्कार्पियो से बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन उग्र भीड़ ने दोनों गाड़ियों को निशाना बना लिया। हमलावरों ने दोनों स्कार्पियो के शीशे तोड़ दिए और जमकर पथराव किया।
किसी तरह जान बचाकर सभी लोग वहां से निकलकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि श्वेता रंजन बिहार के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह पूर्व सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी की भतीजी हैं, जबकि डॉ. राजेश रंजन पटना में निजी क्लीनिक का संचालन करते हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर