पूर्व चेयरमैन रामायण चौधरी की गिरफ्तारी पर पत्नी का बयान, बोलीं– “मेरे पति निर्दोष, साजिश के तहत फंसाया जा रहा”
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
एसपी पूरन कुमार झा पर जताया भरोसा, उच्च स्तरीय जांच की मांग
सिवान। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव में हुए झूलन प्रसाद हत्याकांड मामले में सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष रामायण चौधरी की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी संगीता देवी ने सामने आकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके पति निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
पूर्व मुखिया संगीता देवी (बरहन पंचायत) ने बयान जारी करते हुए कहा, “मेरे पति को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। हम लोग कानून पर भरोसा करने वाले लोग हैं। अगर वे दोषी होंगे तो कानून जो भी सजा देगा, हम स्वीकार करेंगे। लेकिन अगर वे निर्दोष हैं तो उन्हें बेइज्जत कर फंसाया न जाए।”
उन्होंने कहा कि उनके पति को पटना से एसटीएफ की मदद से पकड़े जाने की सूचना मिली है। हालांकि गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है। संगीता देवी ने सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा पर पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच से “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।
रामायण चौधरी की पत्नी ने आरोप लगाया कि सामने चुनाव होने के कारण राजनीतिक साजिश रची गई है। उनका कहना है कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए उनके परिवार को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके घर के सामने ही झूलन प्रसाद का घर है और वे खुले तौर पर जांच की मांग कर रहे हैं।
संगीता देवी ने कहा, “हम लोग कानून से भागने वाले नहीं हैं। कोर्ट में पेश होंगे। जो भी फैसला होगा, उसे मानेंगे। लेकिन बिना ठोस प्रमाण के हमारे पति को दोषी ठहराना उचित नहीं है।”
गौरतलब है कि 23 फरवरी की देर रात बरहन गोपाल गांव में झूलन प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें रामायण चौधरी, उनके भाई चुमन चौधरी, पुत्र सोनू कुमार समेत अन्य को नामजद किया गया है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चुमन चौधरी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब रामायण चौधरी की गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
फिलहाल पुलिस अनुसंधान जारी है। आधिकारिक स्तर पर गिरफ्तारी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है। उधर, रामायण चौधरी की पत्नी ने उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की है।