✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले में 56 पुलिस पदाधिकारियों को प्रोन्नति देकर सम्मानित किया गया। इसमें 17 सहायक अवर निरीक्षक, 12 हवलदार और 27 पीटीसी शामिल हैं, जिन्हें अस्थाई स्थापन कार्यकारी प्रभार सौंपा गया। यह आयोजन पुलिस लाइन में पिपिंग सेरेमनी के रूप में संपन्न हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने सभी प्रोन्नत अधिकारियों को स्टार लगाकर बधाई दी।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना द्वारा जिले के इन अधिकारियों को प्रोन्नति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रमोशन के बाद सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है और उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी अधिक निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
एसपी ने बताया कि विधि व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस के नए दायित्वों के निर्वहन, अनुसंधान और यातायात संचालन जैसे कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए 56 पुलिसकर्मियों को उच्चतर पद का प्रभार सौंपा गया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक अंचल प्रभाग, थानाध्यक्ष और ओपी प्रभारी को सूचना दे दी गई है।

