✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जिले में मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों की पूरी तैयारी, विभागीय दिशा-निर्देश जारी
सिवान : “पुनर्निवेश, पुनर्कल्पना, पुनर्जीवन” थीम के तहत आज पूरे जिले में विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाएगा। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारी कर ली है। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि मलेरिया एक जानलेवा बीमारी है, जो मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से होता है। इस परजीवी जनित बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना और उसके प्रसार को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विश्वभर में मलेरिया को खत्म करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, पंचायतों और जीविका समूहों को सक्रिय किया गया है।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश लाल ने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग, कीटनाशक छिड़काव, तथा गंदगी एवं जलजमाव से निजात अत्यंत आवश्यक है। इस दिन जन समुदाय को मलेरिया के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इन गतिविधियों का होगा आयोजन:
- जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जीविका दीदियों द्वारा मलेरिया विषय पर बैठक
- स्कूलों में निबंध लेखन, चित्रांकन प्रतियोगिता एवं प्रभात फेरी
- पंचायतों में ग्राम सभा के माध्यम से जन-जागरूकता
- सभी स्वास्थ्य केंद्रों की आशा दीदियों द्वारा रैलियों का आयोजन
इस कार्य में एसीएमओ, सीडीओ, एनसीडीओ, डीआईओ, डीपीएम, डीएम एंड ईओ, डीपीसी समेत सभी विभागीय अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने सभी से अपील की है कि मलेरिया से लड़ाई में सहयोग करें और स्वास्थ्य जागरूकता को जन-आंदोलन बनाएं।

