✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : सदर प्रखंड परिसर में मंगलवार को पासपोर्ट बनवाने हेतु विशेष कैंप कार्यालय का शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिजवी (आईएफएस), जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और एडीएम उपेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कैंप कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर स्वधा रिजवी ने बताया कि पासपोर्ट हेतु प्राप्त आवेदनों में सिवान उन तीन जिलों में शामिल है, जहां से सबसे अधिक आवेदन आए हैं। उन्होंने बताया कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में आवेदकों की संख्या बढ़ने के कारण पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में नए और पुनर्निर्गमन पासपोर्ट के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन भरकर निर्धारित शुल्क के साथ जमा कर पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप के लिए अप्वाइंटमेंट लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। यहां उनके फोटो, उंगलियों के निशान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस शिविर में पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) के आवेदन, किसी कारण से रोके गए आवेदन या बिना पूर्व अप्वाइंटमेंट के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के कई निवासी विदेश में रोजगार की तलाश में जाते हैं, ऐसे में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप जैसी सुविधाएं आमजन को सुलभ सेवा प्रदान कर उनके मनोबल को बढ़ाने का काम करेंगी।

