Explore

Search

May 27, 2026 12:07 am

सिवान : पर्व के दौरान पूरे जिले में दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात, सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे नजर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बकरीद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित


  • डीएम और एसपी ने शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की
  • सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी बाइक पेट्रोलिंग
  • साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए गए निर्देश

सिवान : ईद उल अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और कृतसंकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल एवं इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि पर्व के दौरान पूरे जिले में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि शरारती तत्वों पर लगातार नजर रखी जा सके। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से पूर्व के अनुभवों के आधार पर सुझाव एवं फीडबैक भी मांगे।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं पशु बलि के अवशेषों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित करने का निर्देश भी दिया गया।
शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता को शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग कराई जाएगी तथा इंटरनेट मीडिया की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बैठक के अंत में सभी शांति समिति सदस्यों ने एकमत होकर बकरीद पर्व को पारंपरिक, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर