✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
छापेमारी में अमानवीय स्थिति में मिली पीड़िता, संचालक फरार
- महुआरी स्थित म्यूजिकल ग्रुप में पुलिस की छापेमारी
- एक कमरे से अमानवीय स्थिति में नाबालिग बरामद
- संचालक व मकान मालिक मौके से फरार
- मामले में प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआरी स्थित न्यू नेहा म्यूजिकल ग्रुप के परिसर में पुलिस ने छापेमारी कर एक नाबालिग को अमानवीय स्थिति में बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान संचालक और मकान मालिक मौके से फरार हो गए।
महिला थानाध्यक्ष सह पुअनि सोनी कुमारी के आवेदन पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर नाबालिग लड़कियों की बरामदगी के लिए सुबह करीब छह बजे छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान एक कमरे से नाबालिग को बरामद किया गया। पूछताछ में पीड़िता ने अपना पता गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र का बताया। उसने बताया कि रुपये का लालच देकर उसे आर्केस्ट्रा में शामिल किया गया था और रात में विभिन्न पार्टी व कार्यक्रमों में नृत्य कराया जाता था।
पुलिस ने नाबालिग को अपने संरक्षण में लिया है और पूरे मामले की जानकारी बाल कल्याण पदाधिकारी, सिवान को दे दी गई है। फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

