न्यायाधीशों ने किया मंडल कारा का निरीक्षण, सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान : शनिवार को मंडल कारा का निरीक्षण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एस.के. पांडेय और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुनील कुमार सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान तीनों न्यायाधीश महिला खंड पहुंचे और महिला बंदियों से सीधे संवाद किया।
कारा अस्पताल में इलाजरत बंदियों से मुलाकात कर उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके अलावा तरुण वार्ड, पुरुष वार्ड और वृद्ध वार्ड के बंदियों से भी न्यायाधीशों ने पूछताछ की और उनकी समस्याओं को सुना।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने कारा पाकशाला, लीगल एड क्लिनिक, अस्पताल, विभिन्न वार्डों और कार्यालयों का भी जायजा लिया। जेल की साफ-सफाई व्यवस्था की उन्होंने सराहना की और जेल प्रशासन को इसे और बेहतर बनाए रखने की सलाह दी।
न्यायाधीशों ने जेल को एक सुधार गृह के रूप में विकसित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए और बंदियों को पूर्ण न्याय का भरोसा दिलाया। साथ ही अपने स्तर से कई सुझाव भी जेल प्रशासन को दिए गए, ताकि जेल में सुधारात्मक माहौल और बेहतर हो सके।
निरीक्षण के दौरान काराधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा, उपाधीक्षक, कारा चिकित्सक, सहायक अधीक्षक समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।

