✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
डीएम-एसपी समेत वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में पत्रकारों ने मनाया रंगोत्सव, सम्मान समारोह भी हुआ आयोजित
सिवान : पत्रकारों के हितों और अधिकारों के लिए कार्यरत संगठन नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा रविवार को शहर के प्रतिष्ठित होटल सफायर इन में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन और मीडिया जगत के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद और उत्सवी माहौल देखने को मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम में भाग लिया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता और राष्ट्रीय संगठन सचिव अभिषेक श्रीवास्तव की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रीय संगठन सचिव अभिषेक श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि के माथे पर गुलाल लगाकर की गई। इसके पश्चात पत्रकारों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। वातावरण में रंग, उमंग और आपसी भाईचारे की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई ने सभी आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान मीडिया और प्रशासन के बीच सहयोग, संवाद और समन्वय को और मजबूत करने पर भी बल दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनजेए के बिहार प्रदेश सचिव एवं कशिश न्यूज के सिवान ब्यूरो प्रमुख निरंजन कुमार ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से रंगोत्सव मनाते हुए होली की शुभकामनाएं साझा कीं।