✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
फोन कर घर से बुलाया, पहले से घात लगाए हमलावरों ने किया वार
- सराय ओपी क्षेत्र के निजामपुर गांव की घटना
- आधा दर्जन बदमाशों ने चाकू से किया हमला
- गंभीर हालत में पीएमसीएच पटना रेफर
- हमले के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
सिवान: सराय ओपी थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में सोमवार की देर शाम बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान अभिषेक कुमार पासवान के रूप में हुई है।
स्वजनों के अनुसार, बगल के गांव बर्तवालिया के कुछ युवकों ने फोन कर अभिषेक को घर से बुलाया था। जैसे ही वह घर से थोड़ी दूरी पर पहुंचा, पहले से घात लगाए आधा दर्जन बदमाशों ने चाकू और अन्य धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग जब वहां पहुंचे तो घायल अवस्था में अभिषेक को देखकर तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद स्वजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

