✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया मोड़ पर ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद 29 दिसंबर को दो मोहल्लों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना ने तनाव का माहौल पैदा कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि शरारती तत्वों ने नया बाजार पोखरा मोहल्ले में पहुंचकर सात से आठ राउंड फायरिंग कर दी।
इस घटना में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए, जबकि मारपीट में पांच अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुए। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन अन्य नामजद और अज्ञात आरोपित अब भी फरार हैं। इनमें एक वार्ड पार्षद का नाम भी शामिल है।
पीड़ित परिवार में भय का माहौल
घटना के बाद पीड़ित परिवार डरा हुआ है। उनका कहना है कि पुलिस आरोपितों के घर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। यदि पुलिस सख्ती से छापेमारी करती, तो अब तक सभी आरोपित गिरफ्तार हो चुके होते।
पुलिस का बयान
नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

