दिल्ली गए परिवार के बंद मकान में 22 लाख की चोरी, अलमारी तोड़कर नकदी व जेवर उड़ाए
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान: महादेवा थाना क्षेत्र के आकोपुर बढ़ई टोला गांव में मंगलवार को एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान का ताला तोड़कर चोरों ने घर के अंदर रखे नगद रुपये और कीमती जेवरात सहित कुल 22 लाख की संपत्ति चोरी कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही महादेवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित छोटेलाल साह ने बताया कि वे 12 जून को अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली चले गए थे और मकान बंद था। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा खुला है।
उन्होंने अपने चचेरे भाई को घर भेजा, जिसने अंदर जाकर देखा तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी भी टूटी पाई गई और सारा सामान बिखरा पड़ा था। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
छोटेलाल साह ने बताया कि चोरों ने अलमारी में रखे 15 हजार रुपये नगद और लगभग 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। उन्होंने यह भी बताया कि जिस घर में चोरी हुई, उसके अगल-बगल अन्य मकान भी हैं जिनमें लोग नियमित रूप से रहते हैं। इसके बावजूद किसी को कुछ पता नहीं चला, जिससे यह अंदेशा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे।
मामले में महादेवा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

