✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिस-पब्लिक समन्वय को लेकर दिए अहम निर्देश
- सारण रेंज के डीआइजी निलेश कुमार पहुंचे सिवान
- पुलिस लाइन में जवानों से लिया गार्ड ऑफ ऑनर
- विभिन्न शाखाओं के अभिलेख और लंबित मामलों की समीक्षा
- बेहतर पुलिसिंग और पुलिस-पब्लिक समन्वय पर दिया जोर
सारण रेंज के डीआइजी निलेश कुमार सोमवार को सिवान पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन पहुंचने पर जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में डीआइजी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया और अभिलेखों के संधारण, लंबित एवं निष्पादित कांडों की स्थिति, विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों तथा प्रशासनिक और अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा शिकायतों के त्वरित निवारण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इस दौरान डीआइजी ने प्रशिक्षण ले रहे पुलिसकर्मियों को भी संबोधित किया और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा के साथ बेहतर प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। साथ ही पुलिस लाइन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी कई आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, शिकायत निवारण और जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने डीआइजी को कार्यालय की वर्तमान कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, की गई कार्रवाइयों और जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी।

