✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान के उद्यमी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, स्वर्णकार समाज में खुशी की लहर
- डा. रूपेश कुमार को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया
- राष्ट्रीय महासचिव टीसी पोद्दार ने जारी किया नियुक्ति पत्र
- स्वर्णकार समाज के लोगों ने दी बधाई
- 1930 से समाज के हित में कार्य कर रहा है संगठन
सिवान जिले के उद्यमी एवं स्वर्णकार हितों के प्रबल पैरोकार डा. रूपेश कुमार को अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले सहित स्वर्णकार समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के लोगों और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे सिवान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव टीसी पोद्दार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत की सहमति से डा. रूपेश कुमार को राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति की घोषणा के बाद समर्थकों और समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है।
डा. रूपेश कुमार लंबे समय से स्वर्णकार समाज के सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक हितों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जिले में उद्यमिता के क्षेत्र में भी उनकी पहचान एक सक्रिय और जागरूक व्यक्तित्व के रूप में रही है। समाज के लोगों का कहना है कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णकार समाज को मिलेगा।
स्थानीय प्रबुद्धजनों ने कहा कि डा. रूपेश कुमार की नियुक्ति से न केवल सिवान का मान बढ़ा है, बल्कि समाज के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि वे संगठन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ स्वर्णकार समाज के अधिकारों और समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएंगे।
मालूम हो कि अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ देश के स्वर्णकार समाज का सबसे प्रतिष्ठित और प्राचीन संगठन माना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 1930 में हुई थी। संगठन लगातार स्वर्णकार समाज के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हितों के संरक्षण एवं उत्थान के लिए कार्य करता आ रहा है। संगठन का मुख्यालय दिल्ली में स्थित है।
डा. रूपेश कुमार की इस उपलब्धि पर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

