Explore

Search

April 11, 2026 1:30 am

सिवान : ठेला लगाने के विवाद में दो मोहल्लों के बीच मारपीट और फायरिंग, सात घायल

✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया मोड़ पर ठेला लगाने को लेकर रविवार की दोपहर दो मोहल्लों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान पहले मारपीट हुई और फिर शरारती तत्वों ने नया बाजार पोखरा मोहल्ले में पहुंचकर करीब सात से आठ राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए, जबकि मारपीट में पांच अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।घायल व्यक्तियों में नया बाजार पोखरा निवासी अजीमुद्दीन के पुत्र शारिक अली, हज़रत अली के पुत्र आसिफ, मोहम्मद महमूद के पुत्र सरफराज, शहाबुद्दीन के पुत्र निजाम, परवेज, सैफुल्लाह के पुत्र राज, और महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया निवासी नूर अली के पुत्र अदनान शामिल हैं। फायरिंग में शारिक अली और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और स्वजनों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वार्ड संख्या 13 के पार्षद सादिक हुसैन के अनुसार, चकिया मोड़ पर ठेला लगाने वाले फैसल से चकिया के कुछ युवकों ने विवाद किया और उसका ठेला पलट दिया। इस पर फैसल पक्ष ने महादेवा थाना में शिकायत दी। लेकिन दोपहर में चकिया के कुछ युवक पोखरा मोहल्ले में आ गए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही कई बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार और महादेवा थानाध्यक्ष कुंदन पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के तीन मोहनी मोड़ बाइपास के पास फायरिंग की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद फिर से भड़क गया, जिसमें मारपीट और फायरिंग हुई।

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर