Explore

Search

March 21, 2026 5:11 pm

सिवान : जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति बाधित नहीं : जिलाधिकारी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अफवाहों से न घबराएं, 25 दिन पूरा होने पर ही मिलेगी नई डिलीवरी, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

  •  जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
  • आईओसीएल 8895, एचपीसीएल 5496 और बीपीसीएल 2933 सिलिंडर उपलब्ध
  •  25 दिन से पहले नई डिलीवरी संभव नहीं, उपभोक्ता पैनिक न करें
  •  कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निगरानी, हेल्पलाइन जारी

सिवान: जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने कहा कि कुछ अफवाहों के कारण आम लोगों में अनिश्चितता का माहौल बना है, लेकिन जिला प्रशासन लगातार गैस वितरक एजेंसियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।


डीएम ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में आईओसीएल के 8895, एचपीसीएल के 5496 तथा बीपीसीएल के 2933 गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं, जो दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कृत्रिम किल्लत और पेंडेंसी को खत्म करते हुए गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनका गैस आपूर्ति का 25 दिन पूरा नहीं हुआ है, वे घबराएं नहीं। तकनीकी कारणों से 25 दिन पूरे होने से पहले नई डिलीवरी नहीं दी जा सकती है। जैसे ही यह अवधि पूरी होगी, उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सदर और महाराजगंज अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा और गैस एजेंसियों व गोदामों की नियमित जांच की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिक अपनी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06154-242000 व 06154-242001 पर दर्ज करा सकते हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर