✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान। जिले में आपदा के दौरान पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं के माध्यम से लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा रही है। अब इस व्यवस्था में एक और सुधार किया जाएगा, खासकर आग या अन्य आपदाओं के समय अग्निशमन दल को घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचने के लिए नई पहल की जा रही है। इसके तहत जिले के सभी फायर ब्रिगेड वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा और इन फायर स्टेशनों को इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस) से जोड़ा जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत यह उम्मीद जताई जा रही है कि नए साल तक इसे चालू कर दिया जाएगा। ईआरएसएस से जुड़ने पर डायल 112 पर फोन आने के तुरंत बाद दमकल टीम घटनास्थल पर रवाना हो जाएगी, बिना पटना के कंट्रोल सेंटर से सूचना का इंतजार किए। वर्तमान में कंट्रोल सेंटर से फोन आने पर फायर स्टेशन को सूचना दी जाती है, लेकिन नई व्यवस्था में यह प्रक्रिया त्वरित हो जाएगी।
इसके अलावा, सभी अग्निशमन वाहनों को मोबाइल टैब से लैस किया जाएगा, ताकि उनकी गतिविधियों पर जिला और पटना स्तर पर निगरानी रखी जा सके। इस व्यवस्था से यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि फायर स्टेशन या थाने में तैनात दमकल दल कितनी देर में घटनास्थल पर पहुंचेगा।

