✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जन सुराज कार्यालय में जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता कर उठाए मांगों के सवाल, आंदोलन की चेतावनी
सिवान: शहर के हरदिया मोड़ स्थित जन सुराज जिला कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जातीय जनगणना और भूमि सर्वे मुख्य मुद्दा होगा, जिस पर जनसुराज पूरे बिहार में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में जातीय जनगणना के आंकड़े सात नवंबर 2023 को विधानसभा पटल पर रखे गए थे और 22 नवंबर 2023 को सरकार ने जातीय जनगणना के आधार पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थी, लेकिन आज तक वे जमीन पर नहीं उतर सकी हैं।
जिलाध्यक्ष ने सरकार से जातीय जनगणना और भूमि सर्वे पर श्वेत पत्र जारी करने, जातीय जनगणना रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण की सीमा बढ़ाने, 94 लाख गरीब परिवारों को रोजगार सहायता के रूप में दो लाख रुपये देने तथा 40 लाख बेघर परिवारों को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो जन सुराज आंदोलन को तेज करेगी। इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य अभिषेक कुमार सिंह, जिला महिला अध्यक्ष पिंकी देवी, जिला अनुमंडल महासचिव नरसिंह चौहान, जन सुराज विचार मंच के जिलाध्यक्ष धनंजय मिश्र, प्रखंड उपाध्यक्ष अनीता देवी, प्रखंड अध्यक्ष सोमेंद्र ओझा, नुरुल हसन, दीपिका कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।