Explore

Search

March 17, 2026 1:24 am

सिवान : जाटी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सीवान : जिले के विभिन्न प्रखंडों में सोमवार को भारत रत्न व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जगह-जगह प्रभातफेरी, बाइक रैली, पुष्पांजलि व परिचर्चाओं का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय स्थित एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि “बाबा साहब को किसी दायरे में बांध कर देखने वाले उनके विराट व्यक्तित्व को नहीं समझ सकते।” उन्होंने कहा कि बाबा साहब इस देश की अनमोल धरोहर हैं और आज भारत जिस शक्ति के रूप में खड़ा है, उसमें उनके विचारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करने की भूमिका है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान की एक पुस्तक लेकर घूमना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके त्याग और बलिदान को समझना जरूरी है।

इस मौके पर प्राचार्य लालबाबू कुमार, पूर्व विधायक हेमनारायण साह, प्रखंड प्रमुख हरेंद्र पासवान, वीरेंद्र सिंह, सुजीत पांडेय, टुनटुन प्रसाद, हीरा मांझी व राजेश कुमार समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रघुनाथपुर प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विक्रम राम की अध्यक्षता व नागेंद्र मांझी के संचालन में एमएलसी विनोद जायसवाल ने कहा कि बाबा साहब ने गरीबों व वंचितों को उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। जिला पार्षद प्रद्युम्न राय, अनिल सिंह, राजबली मांझी व सुदामा मांझी ने भी अपने विचार रखे।

हुसैनगंज प्रखंड के पश्चिमी हरिहास में मुखिया राजीव कुमार की अगुवाई में प्रभातफेरी निकाली गई। “बाबा साहेब अमर रहें”, “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच हीरालाल राम, शैलेंद्र राम, हरेलाल राम, सेवानिवृत्त दारोगा शिवकुमार राम सहित बड़ी संख्या में नवयुवक व महिलाएं शामिल रहीं।

नवलपुर, आंदर के तियांय, जयजोर, विजयीपुर और दरौली प्रखंड के टरवा परसिया बाजार स्थित राधामोहन एकेडमी में भी जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। तियांय में प्रभातफेरी निकालकर डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में कमलेश बैठा, राजू यादव, घनश्याम राम, थानाध्यक्ष पप्पन कुमार, एसआई परमानंद और योगेंद्र पासवान मौजूद रहे।

जीरादेई प्रखंड के विजयीपुर प्रवर्त्तक विहार भवन में आयोजित परिचर्चा में सभी समुदाय के लोगों ने बाबा साहब के विचारों पर चलने का संकल्प लिया। वहीं हसनपुरा, गुठनी, मैरवा, बड़हरिया और बसंतपुर सहित विभिन्न प्रखंडों में भी जयंती समारोह आयोजित हुए और श्रद्धालुओं ने उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर