✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- एसपी ने समाहरणालय में लगाया जनता दरबार
- 23 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं
- मारपीट, धोखाधड़ी व जमीन विवाद के मामले आए सामने
- कई मामलों का मौके पर ही निपटारा, थानेदारों को निर्देश
सिवान: पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा द्वारा सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां उन्होंने कुल 23 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने मारपीट, धोखाधड़ी, फर्जी मुकदमे में फंसाने और भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। इनमें सबसे अधिक संख्या भूमि संबंधी विवादों की रही।
एसपी ने गंभीरता दिखाते हुए कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कराया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित थानाध्यक्षों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले कुछ थानेदारों को फोन कर फटकार भी लगाई गई और जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले के निष्पादन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि नियमित रूप से आयोजित जनसुनवाई के जरिए आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जा रहा है और संबंधित थानों को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए जा रहे हैं।

