Explore

Search

March 10, 2026 1:18 am

सिवान : जंक्शन पर होली के बाद लौटने वाले यात्रियों की बढ़ी भीड़

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ट्रेनों में अगले 15 दिनों तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल

• होली के बाद रोजगार पर लौटने लगे परदेशी मजदूर
• दिल्ली, कोलकाता और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़
• कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट, कुछ में ‘रिग्रेट’ की स्थिति
• भीड़ को देखते हुए जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी अलर्ट

सिवान : होली की छुट्टियां समाप्त होते ही दूसरे राज्यों में रहकर रोजगार करने वाले लोग वापस अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने लगे हैं। इसके कारण दिल्ली, कोलकाता और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। भीड़ के कारण परदेश लौटने वाले यात्रियों के लिए इस बार रेल यात्रा किसी चुनौती से कम नहीं रह गई है।
रविवार को सिवान जंक्शन से होकर गुजरने वाली वैशाली एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट सहित कई स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ रही। सुबह से ही प्लेटफार्म पर यात्रियों का आना-जाना लगा रहा। जंक्शन से कोलकाता, रांची, गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ सहित अन्य स्थानों पर जाने वाली ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है, लेकिन इसके बावजूद समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए अगले 15 दिनों तक लंबी दूरी की ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल माना जा रहा है।
अधिकांश नियमित लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है। एसी कोच की लगभग सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं, जबकि स्लीपर कोच में भी कई ट्रेनों में वेटिंग सूची सैकड़ों तक पहुंच गई है। कई ट्रेनों में ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन चुकी है, यानी अब टिकट मिलने की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सिवान जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी को अलर्ट कर दिया गया है। यात्रियों को लाइन में लगाकर ट्रेनों में सवार कराया जा रहा है ताकि अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग
रेलवे सूत्रों के अनुसार 15 मार्च तक 12203 गरीब रथ एक्सप्रेस में वेटिंग 78 तक पहुंच गई है। 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल में वेटिंग 30 दर्ज है। वहीं 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में वेटिंग 106 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा 15565 वैशाली एक्सप्रेस में वेटिंग 95 है, जबकि 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस और 15909 अवध असम एक्सप्रेस में ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन चुकी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर