✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
स्टेशन परिसर और ट्रेनों में चला विशेष अभियान, संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
- प्लेटफार्म से लेकर पार्सल घर तक हुई गहन जांच
- डॉग स्क्वाड की मदद से चलाया गया तलाशी अभियान
- कोई आपत्तिजनक या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली
- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ सतर्क
सिवान: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सिवान जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी गई।
अभियान के तहत सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल घर, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर हाल तथा प्लेटफार्म नंबर एक से चार तक की गहन जांच की गई। इसके अलावा ट्रेनों में भी श्वान दस्ता की टीम के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सामान, विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ बरामद नहीं हुआ, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। यह कार्रवाई पीआरएस (पश्चिम) बुकिंग हाल, प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज पर भी की गई।
इस विशेष अभियान में एक हेड कांस्टेबल, चार एमएसएफ जवान और एक श्वान हेड कांस्टेबल की टीम तैनात रही। डॉग स्क्वाड के प्रशिक्षित डॉग ‘गुंथर’ की मदद से पूरे परिसर में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए सघन जांच की गई।
आरपीएफ निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

