Explore

Search

March 12, 2026 6:13 pm

सिवान : चोरी की आठ ई-रिक्शा व पार्ट के साथ पांच शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

गुप्त सूचना पर महादेवा रोड में छापेमारी, एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

सिवान: नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ चोरी की ई-रिक्शा एवं उसके पार्ट्स के साथ पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी मुन्ना कुमार, महादेवा थाना क्षेत्र के चकिया निवासी गुड्डू अली, नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार गल्ला पट्टी निवासी जैकी कुमार, कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरिया बाजार निवासी मोहम्मद शहादत तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमरोधी निवासी सुनील सिंह के रूप में की गई है। सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


इस संबंध में नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी की ई-रिक्शा के साथ महादेवा रोड क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें आठ चोरी की ई-रिक्शा एवं उससे जुड़े पार्ट्स बरामद किए गए तथा पांच आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर