Explore

Search

May 30, 2026 11:30 pm

सिवान : चाय की दुकान पर अब नहीं दिखेगी राजन जी की मुस्कान,हादसे में निधन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी मोड़ के पास हुआ हादसा।
  • तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर।
  • गंभीर रूप से घायल चाय दुकानदार की इलाज के दौरान मौत।
  • घटना के बाद परिवार में कोहराम, चालक मौके से फरार।
  • अयोध्यापुरी मोड़ के समीप देर रात हुआ हादसा

सिवान मुफ्फसिल थाना के समीप वर्षों से अपनी चाय की दुकान चलाने वाले राजन गुप्ता का सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग सिर्फ उनकी चाय के स्वाद को ही नहीं, बल्कि उनके मिलनसार स्वभाव, मधुर व्यवहार और हमेशा चेहरे पर रहने वाली मुस्कान को भी याद कर रहे हैं।
कहा जाता है कि राजन जी की दुकान पर आने वाला हर व्यक्ति ग्राहक नहीं, बल्कि उनका अपना बन जाता था।

एक कप चाय के साथ उनका आत्मीय व्यवहार लोगों का दिल जीत लेता था। सुबह हो या शाम, उनकी दुकान पर चाय के साथ अपनापन भी परोसा जाता था। यही वजह है कि उनकी अचानक मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और उनके घर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी मोड़ के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने साइकिल से घर लौट रहे राजन गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई।

राजन गुप्ता मंडल कारा के सामने चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, उन्हें जानने वाले लोग यही कह रहे हैं कि “राजन जी की चाय का स्वाद भले ही अब नहीं मिलेगा, लेकिन उनका स्नेह, उनकी मुस्कान और उनका व्यवहार हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।”

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर