Explore

Search

June 20, 2026 4:54 pm

सिवान : गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर गुटखा थूककर किया अपमान, रेलिंग तोड़कर ले गए असामाजिक तत्व

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • गांधी प्रतिमा पर गुटखा थूक कर किया गया अपमान
  • रेलिंग तोड़कर लोहे का हिस्सा भी ले गए शरारती तत्व
  • कांग्रेस ने दिया धरना, प्रशासन पर उठाए सवाल
  • पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

सिवान: शहर के गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा शर्मनाक हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमा पर गुटखा खाकर थूक दिया गया, वहीं उसकी सुरक्षा के लिए लगी लोहे की रेलिंग को तोड़कर कुछ हिस्से को उखाड़कर ले जाया गया।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब प्रतिमा पर पड़ी तो उन्होंने इसे साफ किया और मामले की जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाई। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई, जिससे गांधीवादी विचारधारा से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।



घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता गांधी मैदान पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हुई। सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे मुख्यालय से बाहर हैं और संबंधित मामले में एसडीपीओ से बात करने को कहा। वहीं एसडीपीओ ने मामले को टाउन थाना को सौंपा, जिसके बाद थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।


स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रतिमा की सफाई और पेंटिंग का कार्य थाना प्रभारी की मौजूदगी में कराया गया। नगर परिषद की ओर से भी क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की बात कही गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


धरने पर बैठे लोगों ने मांग की कि गांधी मैदान में प्रतिमा की सुरक्षा के लिए स्थायी रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और रखरखाव की बेहतर व्यवस्था की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि गांधी मैदान का व्यावसायिक उपयोग (कमर्शियल यूज) बंद किया जाए, ताकि ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

मरम्मत व पुनः पेंटिंग के बाद प्रतिमा का वर्तमान स्वरूप
Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर