✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
कुर्की की कार्रवाई के डर से नगर थाना पहुंचा कुख्यात बदमाश
- पुलिस के विशेष अभियान के दौरान किया आत्मसमर्पण
- डेढ़ दर्जन से अधिक संगीन मामलों में है आरोपी
- हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई केस दर्ज
- सोमवार को कोर्ट से मिली जमानत
सिवान : जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार के निर्देश पर शनिवार को वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष कुर्की अभियान चलाया गया। इसी दौरान कार्रवाई से बचने के लिए हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी कुख्यात बदमाश लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन ने नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में सोमवार को कोर्ट से उसे जमानत मिल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट और फायरिंग जैसे संगीन मामलों सहित डेढ़ दर्जन से अधिक कांड दर्ज हैं। बताया जाता है कि वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक लड्डन मियां के खिलाफ पहला मामला वर्ष 1999 में दर्ज हुआ था। उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना में हत्या तथा नगर थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इसके अलावा डकैती की साजिश, अवैध हथियार रखने, रंगदारी मांगने और कई बार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

