कालाजार उन्मूलन लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रचार वाहन को हरि झंडी दिखाकर किया गया रवाना
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
15 दिवसीय विशेष अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगे मरीजों की पहचान
सिवान: जिले में कालाजार उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को सदर अस्पताल परिसर से सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 से 15 जून तक चलेगा, जिसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर कालाजार के पीकेडीएल/एचआईवी-वीएल संभावित मरीजों की पहचान करेंगी।
सिविल सर्जन ने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) के तहत चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य कालाजार उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को बनाए रखना और छिपे हुए मरीजों की समय पर पहचान कर जांच व उपचार सुनिश्चित करना है।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश लाल ने बताया कि दरौली और हसनपुरा को छोड़ जिले के अन्य सभी प्रखंडों में आरके-39 किट से संभावित मरीजों की जांच कराई जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं को मरीजों को संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों तक रेफर करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें खोज कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
जिला सलाहकार नीरज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 2022 से अप्रैल 2025 तक के रिपोर्टेड मरीजों के आवास के चारों दिशाओं में स्थित 50-50 घरों (कुल 200-250 घरों) में गहन खोज अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर वीडीसीओ विकास कुमार, कुंदन कुमार, सिफार के डीपीसी धर्मेंद्र रस्तोगी सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

