Explore

Search

May 6, 2026 5:05 pm

सिवान : ऑपरेशन नया सवेरा: 22 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 5 संचालक गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आर्केस्ट्रा के नाम पर शोषण का खुलासा, पुलिस की बड़ी कार्रवाई


  • 22 नाबालिग लड़कियों को कराया गया मुक्त
  • तीन महिला समेत पांच संचालक गिरफ्तार
  • आंदर थाना क्षेत्र में छापेमारी
  • मानव तस्करी और शोषण के नेटवर्क की जांच शुरू

सिवान : जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्केस्ट्रा में शोषण का शिकार बन रही 22 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इस दौरान तीन महिला समेत पांच संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि अनैतिक देह व्यापार एवं मानव तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर महिला थाना की टीम ने आंदर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
इस कार्रवाई में जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवाए जा रही 22 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। वहीं पुलिस ने पांच संचालकों को गिरफ्तार किया, जिनमें आंदर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुमार और मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के बेलाहा निवासी सोनू कुमार राम शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि सभी लड़कियों के नाम, पते और उम्र का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस संबंध में आंदर थाना में मामला दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में महिला थानाध्यक्ष सोनी कुमारी, आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एएचटीयू प्रभारी और रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के सदस्य शामिल थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर