✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने बुधवार को गुठनी और मंगलवार की रात जीबी नगर थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की और लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
गुठनी थाना निरीक्षण:
बुधवार को एसपी ने गुठनी थाना पहुंचकर वार्षिक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने थाने की साफ-सफाई, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, विभिन्न रजिस्टर (आगंतुक, गिरफ्तारी, दागी, केस डायरी) और लंबित कांडों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। एसपी ने केस डायरी को अद्यतन रखने और लंबित वारंट व कुर्की के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
जीबी नगर थाना निरीक्षण:
मंगलवार रात एसपी ने जीबी नगर थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल, अवर निरीक्षक आभा कुमारी, और चौकीदारों से लंबित कांडों के निष्पादन और आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम के लिए चर्चा की। सभी पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त तेज करने और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य के प्रति लापरवाही को अस्वीकार्य बताते हुए कर्तव्य पालन में ईमानदारी बरतने पर जोर दिया।
गुठनी निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष बिकास कुमार सिंह, एसआई गणेश चौहान, शशिभूषण सिंह, सुधीर सिंह, रौशन कुमार, एएसआई पंकज कुमार, विनय कुमार सहित सभी पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
एसपी ने कहा कि पुलिस को अपने कर्तव्य का पालन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना होगा ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
Tags: SP Inspection, Siwan Police, Crime Prevention, Guthni Police Station, GB Nagar Police Statio