✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
एसपी पूरन कुमार झा ने जनसुनवाई में दिए सख्त निर्देश, भूमि विवाद के मामले सबसे ज्यादा
- जनता दरबार में 14 लोगों ने रखी अपनी समस्याएं
- मारपीट, धोखाधड़ी और फर्जी मुकदमे के मामले आए सामने
- दो दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर निपटारा
- लापरवाही पर कई थानेदारों को एसपी ने लगाई फटकार
जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां 14 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान एसपी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में आए मामलों में मारपीट, धोखाधड़ी और फर्जी मुकदमों में फंसाने से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। इनमें से दो दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जिससे फरियादियों को त्वरित राहत मिली।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों की संख्या सबसे अधिक रही। इस पर एसपी ने विशेष ध्यान देते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी पूरन कुमार झा ने कई मामलों में देरी और लापरवाही बरतने वाले थानेदारों को फोन कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से आयोजित जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसके तहत प्राप्त आवेदनों को संबंधित थानों को भेजकर समयबद्ध निष्पादन का आदेश दिया गया है।

